एनडी न्यूज़ नोहर। हनुमानगढ़ में एक ट्रैक्टर ड्राइवर के साथ लूट और मारपीट की घटना सामने आई है। कार में सवार होकर आए चार जनों ने साइड की बात को लेकर ड्राइवर के साथ गाली-गलौज की। लोहे की रॉड से वार कर चोटें मारी व जेब से नकदी निकालकर भाग गए। इस संबंध में टाउन पुलिस थाना में एक नामजद व तीन अन्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
पुलिस के अनुसार मानू खां (22) पुत्र सुनाक अली निवासी वार्ड 15, गांव ढालिया पीएस टाउन ने लिखित रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि वह ट्रैक्टर चलाने का काम करता है। वह रविवार की सुबह लगभग 11 बजे अपने ट्रैक्टर पर हरियाणा से तेल लेने के लिए जा रहा था। रास्ते में गांव ढालिया में गुरुद्वारा के पास पहुंचा तो सामने से एक बिना नम्बर की कार आई जिसमें चार जने सवार थे। कार सवारों ने साइड को लेकर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जेब से 35 हजार रुपए जबरन निकाल लिए। मारपीट के चलते उसके सिर व हाथ पर चोटें लगी।
रजब अली पुत्र मुन्सफ अली भाग कर आया और बीच-बचाव करवाया। अन्यथा यह लोग उसके साथ और मारपीट करते। कार सवार चारों जने मारपीट कर व 35 हजार रुपए छीनकर भाग गए। इनका पीछा करने पर पता चला कि इनमें से एक गांव पीरकामड़िया का दिलावर पुत्र नूर मोहम्मद जबकि अन्य उसके साथी थे।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर अनुसंधान हैड कॉन्स्टेबल वीरसिंह के सुपुर्द किया है।
