गाड़ी से मिला अवैध शराब का जखीरा
एनडी न्यूज, नोहर। भादरा थाना क्षेत्र में रविवार को दो घटनाएं सामने आईं। पहले एक युवक पर हमला कर बोलेरो गाड़ी लूटी गई। कुछ घंटों बाद वही बोलेरो कलाना हैड के पास दुर्घटनाग्रस्त मिली, जिससे बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।
पहली घटना दोपहर करीब 1:15 बजे हुई। कलाना निवासी सुनील कुमार (31) पुत्र विजय कुमार जाट ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बोलेरो से कलाना से भादरा जा रहा था। डूंगराना पेट्रोल पंप से तेल भरवाने के बाद नहर के पास गोपीराम कडवासरा पुत्र अमरचंद और राहुल भंवरिया (दोनों कलाना निवासी) ने अपनी कैंपर गाड़ी से उनकी बोलेरो को टक्कर मारकर रोक लिया।
सुनील के अनुसार, आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए उस पर हमला किया। गोपीराम ने पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और बोलेरो गाड़ी जबरन छीन ली। डेशबोर्ड में रखे 50 हजार रुपए नकद, पहचान पत्र और आधार कार्ड जैसे दस्तावेज भी लूट लिए गए। आरोपियों ने सुनील को गाड़ी में शराब डालकर फंसाने की धमकी भी दी।
इस हमले में सुनील के हाथ में चोट आई और उसके कपड़े फट गए। उसका साथी विनोद डरकर खेतों में छिप गया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि गोपीराम से उसका पुराना विवाद चल रहा है और वह पहले भी उस पर हमला कर चुका है।
पुलिस ने सुनील की शिकायत पर मामला दर्ज कर एएसआई वीरचंद को जांच सौंपी है। इसी बीच, शाम करीब 4 बजे दीपावली पर्व पर विशेष गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कलाना हैड के पास एक बोलेरो गाड़ी पेड़ से टकराई खड़ी है।
थाना भादरा के हेड कांस्टेबल जगदीश, कांस्टेबल सिकंदर और राजेंद्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने गाड़ी को क्षतिग्रस्त हालत में पाया। तलाशी के दौरान, पुलिस को उसमें राजस्थान स्टेट गंगानगर शुगर मिल्स निर्मित 240 पव्वे देसी शराब और 4 कांच की बोतलें बरामद हुईं।
पुलिस ने वाहन और शराब को जब्त कर राजस्थान आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत मामला दर्ज किया है।
