


एनडी न्यूज नेटवर्क। बर्मिंघम टेस्ट जीतने के लिए भारत ने इंग्लैंड को 608 रन का टारगेट दिया। शनिवार को मुकाबले के चौथे दिन भारत से शुभमन गिल ने 161 रन बनाए। उन्होंने पहली पारी में 269 रन बनाए थे, इसी के साथ वे एक टेस्ट में 400 प्लस रन बनाने वाले पहले भारतीय बने। टीम इंडिया ने टेस्ट की दोनों पारियां मिलाकर 1014 रन बनाए। टेस्ट इतिहास में भारत ने पहली बार ही एक मैच में हजार रन का आंकड़ा पार किया।

शुभमन एक टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान
शुभमन गिल ने पहली पारी में 269 रन बनाने के बाद दूसरी पारी में 161 रन बना दिए। उन्होंने एक टेस्ट में 430 रन बना दिए। यह किसी भारतीय कप्तान से एक टेस्ट में सबसे ज्यादा रन हैं। गिल ने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ मैच में 293 रन बनाए थे।
शुभमन 400 रन बनाने वाले पहले भारतीय
शुभमन गिल एक टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी भी बने। उन्होंने सुनील गावस्कर का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 1971 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 344 रन बनाए थे। तब गावस्कर ने पहली पारी में शतक और दूसरी पारी में दोहरा शतक लगाया था। गिल एक पारी में शतक और दूसरी में दोहरा शतक लगाने वाले भारत के दूसरे ही खिलाड़ी बने।
भारत ने पहली बार हजार रन बनाए
भारत ने पहली पारी में 587 और दूसरी पारी में 427 रन बना दिए। टीम इंडिया ने मुकाबले में 1014 रन बनाए। टेस्ट इतिहास में पहली बार ही भारत ने हजार रन का आंकड़ा पार किया। इससे पहले 2003 में सिडनी टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने 916 रन बनाए थे।
